भवानीगढ़ : इलाके में एक हैरान करने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक कथित ठग ज्योतिषी द्वारा घर की समस्याएं दूर करने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते हुए एक परिवार के लाखों रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के मुताबिक गांव बासियारख के रहने वाले गुलाब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 के दौरान भवानीगढ़ में किराए की दुकान पर ज्योतिषी का काम करने वाले मुकेश कुमार शर्मा ने उनसे संपर्क किया। उसने परिवार को विश्वास दिलाया कि वह हवन कराकर घर की सभी परेशानियां दूर कर देगा।
इस दौरान उसने कहा कि हवन के लिए 11 सोने की चीजों की जरूरत पड़ेगी। ज्योतिषी की बातों में आकर गुलाब सिंह ने अपनी पत्नी के करीब साढ़े 5 तोले सोने के गहने एक कपड़े की पोटली में बांधकर उसे दे दिए। आरोप है कि ज्योतिषी ने चालाकी से असली गहनों वाली पोटली बदलकर नकली पोटली वापस कर दी और कहा कि इसे पांच दिनों से पहले न खोला जाए। जब परिवार ने पांच दिन बाद पोटली खोली तो वे हैरान रह गए, क्योंकि उसमें सोने के गहनों की जगह छुहारे निकले। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं।
पीड़ित परिवार ने ज्योतिषी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था और वह किराए की दुकान छोड़कर फरार हो चुका था। मामले संबंधी पुलिस चेक पोस्ट घराचों के इंचार्ज सहायक सब-इंस्पेक्टर वरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुलाब सिंह के बयानों के आधार पर मुकेश कुमार शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी तरह के एक अन्य मामले में भीखी पुलिस द्वारा इसी ज्योतिषी को काबू कर उसके खिलाफ पहले भी केस दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे ठगों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर अपनी कीमती वस्तुएं न सौंपें।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.