Ambedkar Jayanti 2026: रांची में बाबा साहेब को किया गया नमन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन
रांची: संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को पूरा देश याद कर रहा है. इस मौके पर राजधानी रांची के डोरंडा स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर सुबह से ही श्रद्धा सुमन अर्पित करने वाले लोगों का तांता लगा. इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया.
उनके योगदान को दुनिया ने सराहा: राज्यपाल
इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. इस अवसर पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब के योगदान को ना केवल देश बल्कि दुनिया ने सराहा है, आज उनकी जयंती है, हम सभी उन्हें नमन करते हैं.
उनके विचार बने रहेंगे प्रासंगिक: सीएम हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि उनके विचार हमेशा प्रासंगिक बने रहेंगे. निश्चित रुप से वे हमेशा याद किये जाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि आज का यह शुभ दिन भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के लिए गौरव का क्षण है.
देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को हुए लगभग 135 साल हो गए और कहीं ना कहीं बाबा भीमराव अंबेडकर का जो योगदान है, वो योगदान किसी से नहीं छिपा है और ना छिपेगा. शायद इनके द्वारा संविधान की रचना को पूरी दुनिया सलाम करती है. सीएम ने आगे कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जैसे सपूत हमें मिले हैं और इससे पूरे देश का नाम ऊंचा हुआ है. देश के लोग उनके योगदान को जब तक दुनिया है सदैव याद रखेंगे.
सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोगों का लगा रहा तांता
अंबेडकर जयंती के मौके पर डोरंडा स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का तांता लगा रहा. बाबा साहेब अमर रहे के नारे लगते रहे और लोग बारी-बारी से उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते रहे.
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया. वहीं बीजेपी के कई नेता श्रद्धांजलि अर्पित करते देखे गए. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित कई बड़े चेहरे बाबा साहेब को याद कर उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.