Local & National News in Hindi
Logo
ब्रेकिंग
Mount Everest Tragedy: माउंट एवरेस्ट फतह करने के बाद 2 भारतीय पर्वतारोहियों की मौत; नीचे उतरते समय ह... Uttarakhand News: 'सड़कों पर नमाज़ बर्दाश्त नहीं, कानून का राज सर्वोपरि'—सीएम पुष्कर सिंह धामी का बड... Himachal School Bag Policy: हिमाचल में स्कूली बच्चों को भारी बस्ते से मुक्ति; शारीरिक वजन के 10% से ... Delhi Government: दिल्ली सरकार का बड़ा प्रशासनिक सुधार; ई-टेंडरिंग को डिजिटल बनाने के लिए DeGS और SB... J&K Highway Project: कटड़ा से कुलगाम तक बनेगा नया 4-लेन हाईवे कॉरिडोर; DPR के लिए टेंडर प्रक्रिया शु... Suvendu Adhikari Delhi Visit: सीएम बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिले शुभेंदु अधिकारी; कैबिनेट व... UP Census 2027: उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 का शंखनाद; पहले ही दिन 1.35 करोड़ से अधिक मकानों को मिल... NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक में CBI की बड़ी कार्रवाई; पुणे से फिजिक्स एक्सपर्ट मनीषा हवलदार गिरफ्त... Rajasthan Artificial Lake: रेगिस्तान में बनी 28 किमी लंबी अनोखी जिगजैग झील; अब बाड़मेर-जैसलमेर में 3... Jharkhand Politics: दिल्ली आदिवासी समागम पर भड़की कांग्रेस; रामेश्वर उरांव बोले—'सरना और सनातन एक नह...

‘माताजी इतना सोना क्यों पहना है…’: बातों के जाल में फंसाकर बुजुर्ग महिला से लाखों के गहने ठगे, बदमाशों का नया पैंतरा

11

 मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा खितौला में जालसाजों और लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े ठगी के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं. ताजा मामले में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षा का झांसा देकर पहले बातों के जाल में फंसाया. फिर उसके लाखों रुपये के सोने के जेवर लूट लिए और रफूचक्कर हो गए. यह पूरी वारदात इलाके में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है.

दरअसल, ये पूरी घटना खितौला थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास की है. यहां रहने वाली 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला, लक्ष्मी पटेल अपने घर के बाहर मवेशियों की साफ-सफाई का कचरा फेंकने जा रही थी. तभी एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठा युवक चेहरे पर मास्क लगाए हुए था. बदमाशों ने पहले तो महिला को रोककर किसी अनजान पते के बारे में पूछताछ की. महिला जैसे ही उन्हें रास्ता बताने लगी, बदमाशों ने बड़ी ही शातिरता से उसे डराना शुरू कर दिया.

बदमाशों ने महिला से सहानुभूति जताते हुए कहा- माता जी, आजकल जमाना बहुत खराब है, आपने इतना सोना क्यों पहन रखा है. इसे उतारकर संभाल लीजिए वरना कोई लूट लेगा. लुटेरों की बातों में आकर बुजुर्ग महिला घबरा गई और सुरक्षा के लिहाज से अपना मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी उतार दी. जैसे ही महिला ने गहने हाथ में लिए, बदमाशों ने अपनी अगली चाल चली. उन्होंने महिला के जेवरों को देखते हुए कहा, ये तो नकली लग रहे हैं, जरा दिखाओ. महिला जैसे ही उन्हें सफाई देने लगी और गहने दिखाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया, बाइक स्टार्ट कर रहे बदमाशों ने पलक झपकते ही जेवर झपटे और तेजी से फरार हो गए. महिला जब तक कुछ समझ पाती और शोर मचाती आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे.

गहनों की कीमत लाखों में

बताया जा रहा है कि छीने गए सोने के मंगलसूत्र और अंगूठी की कीमत लाखों रुपये है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सिहोरा और खितौला क्षेत्र के निवासियों में दहशत का माहौल है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं.

आरोपियों की पहचान की जा रही

सूचना मिलते ही खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली है. 1 मिनट 47 सेकंड के एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपियों ने महिला को बातों में उलझाया और वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने बताया- हमने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों का हुलिया और बाइक की पहचान की जा रही है. पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए सक्रिय कर दी गई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.

Don`t copy text!