लुधियाना: लुधियाना में निगम के एक टिप्पर चालक पर कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी देते हुए चालक विक्की ने बताया कि वह प्रताप चौक से टिब्बा रोड स्थित ग्रीन टच प्राइवेट कंपनी में कूड़ा खाली करने गया था। इसी दौरान जब कंपनी का ऑपरेटर मशीन के जरिए टिप्पर का लॉक खोलकर कूड़ा खाली कर रहा था तो लॉक सही तरीके से नहीं खुल पाया।
विक्की के अनुसार उन्होंने ऑपरेटर को आराम से काम करने के लिए कहा, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि जैसे ही वह टिप्पर से नीचे उतरे तो ऑपरेटर ने उन पर ईंट से हमला कर दिया। देखते ही देखते वहां मौजूद करीब 50-60 लोगों ने भी उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और दात, डंडों व अन्य तेज वस्तुओं से हमला कर दिया।
पीड़ित चालक ने बताया कि वहां काम करने वाले अधिकांश लोग निजी कंपनी से संबंधित थे। घटना की सूचना मिलते ही टिब्बा पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस कर्मियों ने घायल चालक को पहले सिविल अस्पताल जाकर इलाज करवाने की सलाह दी। विक्की ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उनके अधिकारी और अन्य साथी कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए थे। घटना के बाद निगम के अन्य टिप्पर चालकों में भारी रोष देखा जा रहा है। कर्मचारियों ने फिलहाल टिप्पर खाली करने से इंकार कर दिया है और मांग की है कि पहले आरोपी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें इंसाफ दिया जाए।
पीड़ित चालक के अनुसार उनके सिर पर ईंट से वार किया गया, जबकि शरीर पर दात व डंडों से कई वार किए गए। फिलहाल सिविल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है तथा एमएलआर की प्रक्रिया भी जारी है। मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.