Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को, विजेंद्र गुप्ता ने सत्र को लेकर कही ये बड़ी बात
दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र मंगलवार यानी 28 की सुबह 11 बजे पुराने सचिवालय स्थित विधानसभा हॉल में होगा. यह जानकारी रविवार को दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दी. इस संबंध में उपराज्यपाल से मंजूरी मिलने के बाद, आठवीं विधानसभा के पांचवें सत्र को शुरू करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है. अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि उपराज्यपाल ने आठवीं विधानसभा के चौथे सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान कर दिया है.
इस औपचारिक आदेश के साथ ही पूर्व में चल रहे लंबे सत्रों का समापन हो गया है, जिससे नए सत्र में एक व्यवस्थित बदलाव संभव हो सकेगा. एक दिवसीय विशेष सत्र के लिए दिल्ली विधानसभा सचिवालय द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. हाल ही में मिली बम धमकी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत किया गया है. विस सदस्यों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली विधानसभा परिसर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए है. विधानसभा में आने वाले विधायकों और अन्य लोगों को कड़ी सुरक्षा के बीच से गुजरना होगा. इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है.
किन-किन विषयों पर चर्चा होगी?
एक दिवसीय विशेष सत्र किन-किन विषयों पर चर्चा होगी, इसका अंतिम एजेंडा सोमवार शाम तक स्पष्ट होने की उम्मीद है. लेकिन राजनीतिक माहौल को देखते हुए ये तय माना जा रहा है कि सदन में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी आम आदमी पार्टी के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है. कुल मिलाकर 28 अप्रैल से शुरू हो रहा ये सत्र सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, जहां बहस, आरोप-प्रत्यारोप और संभावित हंगामे के बीच कई बड़े मुद्दे सामने आ सकते हैं.
पिछले महीने पेश की गई सात CAG रिपोर्ट
इससे पहले पिछले महीने की शुरुआत में बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान कुल सात CAG रिपोर्ट पेश की गईं. इसके अलावा काफी देरी के बाद, पहले जमा की गई CAG रिपोर्ट से संबंधित PAC रिपोर्ट भी सदन में पेश की गईं. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस समय कोई भी CAG रिपोर्ट लंबित नहीं है. वहीं पहले से लंबित सभी CAG रिपोर्ट अब सदन में पेश कर दी गई हैं. सदन में पेश की गई PAC रिपोर्ट, जो तीन विशिष्ट CAG रिपोर्ट से संबंधित हैं. शराब नीति, प्रदूषण और स्वास्थ्य विभाग के विषयों को कवर करती हैं. इन्हें पेश किए जाने के बाद, इन PAC रिपोर्ट को सदन द्वारा स्वीकार कर लिया गया और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है. इस प्रकार, इन तीन CAG रिपोर्ट से संबंधित पूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. शेष सात CAG रिपोर्ट भी PAC को भेज दी गई हैं.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.