रक्षाबंधन पर इंदौर पुलिस का तोहफा,
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी ‘शक्ति मोबाइल’

इंदौर।
आगामी त्यौहारों, विशेषकर रक्षाबंधन के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर में विशेष पुलिस टीमों वाले “शक्ति मोबाइल वाहनों” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य त्यौहारों के दौरान बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ में महिलाओं को पूरी तरह सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देना है। पुलिस कमिश्नर ने सख्त लहजे में निर्देशित किया है कि त्यौहारों की आड़ में हुड़दंग करने वाले या महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाजारों में रहेगी २४ घंटे पैनी नजर

‘शक्ति मोबाइल’ टीमें शहर के प्रमुख व्यस्त बाजारों, मॉल और सार्वजनिक चौराहों पर निरंतर पेट्रोलिंग (गश्त) करेंगी। इंदौर पुलिस ने आम नागरिकों और महिलाओं से भी अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या परेशानी का सामना करती हैं, तो बिना किसी संकोच के तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या आपातकालीन नंबरों 112 पर इसकी सूचना दें। ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।

