रांची/खूंटी: झारखंड के खूंटी जिला मुख्यालय में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब थाना गेट के ठीक सामने एक चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई. देखते ही देखते हाई-स्पीड बजाज पल्सर NS 200 धू-धूकर जल उठी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह खाक हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक सवार युवक और पीछे बैठी महिला ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली. जिससे बड़ा हादसा टल गया.
कैसे बची जान
दरअसल, कर्रा थाना क्षेत्र के जोबे गांव निवासी अरुण कच्छप अपनी भाभी पूनम बारला के साथ भंडरा से खूंटी होते हुए घर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक थाना गेट के समीप पहुंची, इंजन के पास से अचानक लपटें निकलने लगी. शुरुआत में उन्हें इसका अहसास नहीं हुआ, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने बाइक के निचले हिस्से से आग उठती देख शोर मचाया. चेतावनी मिलते ही तुरंत बाइक रोकी और कूदकर खुद को सुरक्षित किया.
स्थानीय लोगों ने की बचाने की कोशिश
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पेट्रोल टैंक तक पहुंच चुकी थी. जिससे लपटें और तेज हो गई. घटना थाना गेट के ठीक सामने होने के बावजूद तत्काल अग्निशमन संसाधन उपलब्ध नहीं हो सके. जिससे कुछ ही देर में बाइक जलकर राख हो गई.
इस मामले में थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक में तेल का रिसाव हो रहा था. पेट्रोल पंप से पेट्रोल भराने के बाद बाइक चल रही थी. तभी पेट्रोल लीक होकर साइलेंसर पर गिरा और आग लग गई. सूचना मिलते ही अग्निशमन दल को बुलाया गया. लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.