Kukdajhor Police Action: घने जंगल में चल रही थी जुए की बाजी, पुलिस ने दी दबिश तो मची अफरातफरी; 9 दबोचे गए
नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुकड़ाझोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बोरण्ड-करमरी मुख्य मार्ग के पास जंगल में दबिश देकर 9 आरोपियों को 52 पत्ती ताश के जरिए जुआ खेलते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 16 हजार 300 नकद, ताश पत्ती, मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री जब्त की गई है.
एसपी के निर्देश पर चल रहा अभियान
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा और अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत दिनांक 12 मई 2026 को थाना कुकड़ाझोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोरण्ड करमरी मुख्य मार्ग के बायीं ओर स्थित जंगल मैदान में कुछ लोग रुपए पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं.
घेराबंदी करके आरोपियों को दबोचा
सूचना मिलते ही थाना कुकड़ाझोर एवं साइबर सेल नारायणपुर की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की. पुलिस टीम को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 9 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया. पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उन आरोपियों में मुकेश उर्फ बिट्टू गुप्ता, प्रफुल बड़रिया, विष्णु नंदी, ऋषिकेश जायसवाल, गणेश शील, यश कुमार जैन, नरेंद्र कुलदीप, चमन कौड़ो और दीपक कतलाम शामिल हैं. सभी आरोपी नारायणपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.
नारायणपुर पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा – रॉबिंसन गुड़िया,पुलिस अधीक्षक
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 16 हजार 300 नकद राशि, 52 पत्ती ताश की 4 गड्डियां, 3 प्लास्टिक तिरपाल, 9 मोटरसाइकिल और 2 वाहन जब्त किए हैं. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. नारायणपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से पुलिस का सख्त संदेश साफ है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.