BJP Rebel in Durg-Bhilai: दुर्ग-भिलाई बीजेपी में बड़ी बगावत! एक ही पद पर दो-दो अध्यक्ष, पार्टी में मची रार से ‘दो फाड़’ हुई भाजपा
दुर्ग: ट्विन सिटी में युवा मोर्चा की कार्यकारिणी को लेकर भाजपा दो फाड़ हो चुकी है. हालात ये हैं कि कई मंडलों में अब एक ही पद पर दो दो अध्यक्ष और दो दो महामंत्री काबिज हैं.
मंडल अध्यक्षों और महामंत्री की सूची पर बवाल
दरअसल 19 अप्रैल की रात युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने 13 मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री की आधिकारिक सूची जारी की.लेकिन यह फैसला ज्यादा देर टिक नहीं पाया. महज 24 घंटे के भीतर, 20 अप्रैल को 13 में से 10 मंडल अध्यक्षों ने इस सूची को खारिज करते हुए अपनी अलग सूची जारी कर दी. इसके बाद भिलाई भाजपा कार्यालय में शक्ति प्रदर्शन का माहौल देखने को मिला. दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में कार्यालय पहुंचे, जिससे यह साफ हो गया कि मामला सिर्फ नियुक्ति का नहीं, बल्कि वर्चस्व की लड़ाई बन चुका है.

एक पद पर दो अध्यक्ष और दो महामंत्री
स्थिति अब इतनी जटिल हो गई है कि कई मंडलों में एक ही पद के लिए दो-दो अध्यक्ष और महामंत्री घोषित हो गए हैं. भिलाई-चरौदा, कोहका, वैशाली नगर, सुपेला, कैंप, पूरब, पश्चिम, जामुल, खुर्सीपार और कुम्हारी जैसे क्षेत्रों में यह टकराव साफ नजर आ रहा है. वहीं, मुरमुंदा, जेवरा सिरसा और अहिवारा में अभी दूसरी सूची सामने नहीं आई है. इस पूरे विवाद ने कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है. जिला अध्यक्ष और प्रभारी भी अलग-अलग राय रखते नजर आ रहे हैं, जिससे मामला और उलझता जा रहा है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.