खाकी के भेस में लुटेरे! ‘आगे चेकिंग हो रही है’ कहकर उतरवाए गहने, फिर चेन झपटकर फरार हुए नकली पुलिस वाले
छतरपुर: सिविल लाइन थाना में एक लूट की घटना को अंजाम दिया गया गए है. बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को शिकार बनाया है. इतना ही नहीं लुटेरे पुलिस बनकर आये और महिला की सोने की चेन लूट कर भाग गए. कलेक्टर बंगला के पास इस घटना को अंजाम दिया गया. महिला की रिपोर्ट पर पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस के हाथ लुटेरों के कुछ CCTV फुटेज लगे है, जिसके आधार पर उनकी तलाशी की जा रही है.
नकली पुलिस बनकर आए बदमाश
शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक लूट की घटना को अंजाम दिया गया. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. मामला छतरपुर के सिविल लाइन थाना इलाके के पन्ना रोड ओर कलेक्टर बंगला के पास का है. पन्ना रोड स्थित उत्सव धाम के सामने दो बाइक सवार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग महिला को पहले अपने झांसे में लिया और उसकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए.
पीड़ित महिला किरण यादव ने बताया, ”वह रविवार सुबह पन्ना रोड की ओर से दूध लेकर अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताने लगे. उन्होंने कहा कि आगे चेकिंग चल रही है. लुटेरों ने उनको सलाह दी कि गले में सोने की चेन पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है, इसलिए इसे उतारकर रख लो.”
चेकिंग का डर दिखा चेन लूटी
बुजुर्ग महिला बदमाशों की बातों में आ गई. जैसे ही महिला चेन उतारने लगी, तभी एक बदमाश ने झपट्टा मारकर चेन छीन ली. इसके बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार में बाइक से मौके से फरार हो गए. बुजुर्ग महिला ने चिल्लाते हुए कुछ दूर पीछा किया लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे. घटना की जानकारी पीड़ित महिला ने परिजनों के साथ जाकर थाने में दर्ज करवाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
मामले में सीएसपी अरुण कुमार सोनी से बात हुई तो उन्होंने बताया कि, ”महिला ने थाने में शिकायत की है. महिला के मुताबिक लुटेरे पुलिस की वर्दी में थे. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.