Sachin Tendulkar Birthday: दंतेवाड़ा में सचिन तेंदुलकर ने मनाया 53वां जन्मदिन, छिंदनार में गूंजा ‘Happy Birthday Sachin Sir’
दंतेवाड़ा: 24 अप्रैल को सचिन तेंदुलकर का जन्मदिन है. लेकिन इस बार उन्होंने अपना जन्मदिन दो दिन पहले 22 अप्रैल को ही मनाया. क्रिकेट के भगवान ने अपना 53वां जन्मदिन नक्सल प्रभाव से उबर रहे बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में मनाया.
छिंदनार गांव में सचिन तेंदुलकर
बुधवार को क्रिकेट के भगवान दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार गांव के दौरे पर रहे. सचिन की एक झलक पाने के लिए बच्चों से लेकर युवा, महिला, पुरुष व बुजुर्ग सभी वर्ग के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गांव का माहौल उत्सव में बदल गया. हर कोई सचिन की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आया. सचिन के साथ उनकी बेटी सारा तेंदुलकर और उनकी बहु सानिया तेंदुलकर भी दंतेवाड़ा के छिन्दनार पहुंची.
दंतेवाड़ा में खेल क्रांति
छिंदनार गांव स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी मीडियम हाई स्कूल में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले Sachin Tendulkar ने मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन कर खेल क्रांति की नींव रखी. यह पहल सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और Manndeshi Foundation के संयुक्त प्रयास से साकार हुई है, जिसका उद्देश्य वनांचल के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
सचिन सारा सानिया तेंदुलकर ने बच्चों के साथ खेले कई गेम्स
इस दौरान स्वामी आत्मानंद स्कूल में मानदेसी फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए खेल मैदान में सचिन तेंदुलकर, सारा तेंदुलकर और उनकी बहु सानिया तेंदुलकर ने बच्चों के साथ वॉलीबॉल खेला और रस्सा-खींच प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया. बच्चों के साथ घुल-मिलकर खेलते सचिन का यह अंदाज़ सभी के लिए यादगार पल बन गया. सचिन ने न केवल बच्चों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि उन्हें यह संदेश भी दिया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक सशक्त माध्यम है. बच्चों ने भी पूरे जोश और उमंग के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया, जिससे मैदान ऊर्जा और उत्साह से सराबोर हो उठा.
क्रिकेट के भगवान ने बच्चों को खेल के लिए किया प्रोत्साहित
सिर्फ मुलाकात ही नहीं बल्कि मंच के माध्यम से सचिन ने बच्चों को खेलों के लिए प्रेरित भी किया. तेंदुलकर ने कहा कि भविष्य के चैंपियन तैयार करने के लिए केवल व्यक्तिगत प्रतिभा पर्याप्त नहीं होती, बल्कि मजबूत बुनियादी ढांचे और आधुनिक खेल सुविधाओं की आवश्यकता होती है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता एक सकारात्मक संकेत है, और ऐसे प्रयास देश के खेल भविष्य को नई दिशा देंगे.
मानदेसी फाउंडेशन से बनाए जा रहे खेल मैदान
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले में करीब 50 जगहों पर सचिन तेंदुलकर और मानदेसी फाउंडेशन की पहल से खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं ताकि आदिवासी अंचल के बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें. यही नहीं क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित कई खेलों का प्रशिक्षण भी बच्चों को दिया जा रहा है. जिससे उनके हुनर को नई दिशा मिल सके. बच्चों से आत्मीय मुलाकात के बाद बच्चों ने सचिन को जन्मदिन दो दिन दिन पहले एडवांस में केक कटवाया.
दंतेवाड़ा में सचिन तेंदुलकर का जन्मदिन
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सचिन तेंदुलकर के आगामी जन्मदिन के अवसर पर अग्रिम केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं. पूरा परिसर “जन्मदिन मुबारक हो” के नारों से गूंज उठा, जिससे माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बन गया. सचिन ने बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पल उनके लिए बेहद खास है.
समारोह के अंत में जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने सचिन तेंदुलकर को स्मृति चिन्ह के रूप में टेराकोटा शिल्प भेंट किया, वहीं ग्रामवासियों ने पारंपरिक लौह शिल्प की कलाकृतियां देकर उनका सम्मान किया. साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सचिन के हाथों सम्मानित किया गया, जो बच्चों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.