Road Accident: सांसद प्रतिनिधि की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर; कार के उड़े परखच्चे, एक युवक की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप
छतरपुर: छतरपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित फोरलेन सड़क पर शुक्रवार देर रात काले रंग की स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बकरियों की भी मौत हुई है और कई बकरियां घायल बताई जा रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो पर “सांसद प्रतिनिधि” की नेम प्लेट लगी हुई थी। वाहन का नंबर एमपी 16 ZE 4411 बताया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गाड़ी एक नाबालिग युवक भानु प्रताप सिंह चला रहा था, जो कांटी गांव निवासी प्रताप दाऊ प्रताप सिंह का बेटा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक कैंडी गांव से बकरियां लादकर एक वाहन महोबा की ओर जा रहा था। वाहन में मोहम्मद सलमान, मोहम्मद शाहबाज, सूबे खटीक और दद्दू खटीक सवार थे। रास्ते में सलमान गाड़ी साइड में लगाकर बाथरूम करने उतरा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
हादसे में शाहबाज अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूबे खटीक और दद्दू खटीक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सलमान बाल-बाल बच गया। सलमान ने बताया कि हादसे के बाद वह अपने साथियों को बचाने में जुट गया। इसी बीच स्कॉर्पियो में सवार लोग दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसआई दीपक यादव ने बताया कि स्कॉर्पियो पर सांसद प्रतिनिधि लिखा हुआ है। वाहन किसका है और हादसे के समय कौन चला रहा था, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल चालक और अन्य सवार फरार हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.