Dhamtari News: धमतरी में स्वच्छता पर बड़ी कार्रवाई; 3 डेयरियां सील, हजारों का जुर्माना और मार्ट को नोटिस जारी
धमतरी: शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण किया गया.
धमतरी नगर निगम का स्वच्छता अभियान
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और डेयरी संचालकों द्वारा स्वच्छता नियमों की अनदेखी सामने आई. निगम की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 38 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला. साथ ही गंदगी फैलाने वाले कुछ दुकानदारों को चेतावनी दी गई, जबकि कई के खिलाफ चालान काटे गए. गंदगी फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर धमतरी निगम ने न सिर्फ चालानी कार्रवाई की, बल्कि तीन डेयरी को सील भी कर दिया.
तीन डेयरी सील, मार्ट को नोटिस
नगर निगम के उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि कुछ डेयरियों द्वारा गोबर और अपशिष्ट को नालियों में बहाया जा रहा था, जिससे गंदगी फैल रही थी. कई बार समझाइश देने के बावजूद सुधार नहीं होने पर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए तीन डेयरियों को सील कर दिया. इनमें एक रामसागर क्षेत्र की और दो रिसाई पारा की डेयरियां शामिल हैं. निगम ने बड़ी दुकानों पर भी कार्रवाई करते हुए मार्ट को 10 हजार रुपए का पेनाल्टी नोटिस जारी किया है. इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में अन्य दुकानों पर भी हजारों रुपए के चालान काटे गए.
स्वच्छता रैली
स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए बिलाई माता मंदिर से स्वच्छता रैली भी निकाली गई. इस दौरान दुकानों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्टिकर भी लगाए गए. निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. बता दें कि इससे दो दिन पहले भी दुकानदारों पर 4 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया था.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.