Palamu Crime Update: पुलिस जवान को गोली मारने के आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर; अब रिमांड पर लेगी पुलिस
पलामू: पुलिस के दबाव में जवान को गोली मारने के आरोपी सरकारी क्लर्क ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. तीन मई को पलामू के सदर थाना क्षेत्र के कौड़िया के इलाके में पवन सिंह नाम के पुलिस जवान को गोली मारी गई थी. पवन सिंह, कौड़िया में अपने ससुराल के बाहर खड़े थे, इसी क्रम में आरोपी वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी थी. पवन सिंह के हाथ में गोली लगी थी. पवन सिंह को गोली मारने का आरोप ऋषभ सिंह सरकारी क्लर्क पर लगा था.
फायरिंग करने वाले की पुलिस कर रही थी तलाश
ऋषभ सिंह ने बुधवार को पलामू कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. पलामू पुलिस लगातार ऋषभ की गिरफ्तारी के लिए कई इलाकों में छापेमारी कर रही थी. पुलिस के दबाव को देखते हुए आरोपी ऋषभ सिंह ने सरेंडर किया है. सदर थाना प्रभारी लालजी ने सरेंडर की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि पूरी घटना प्रेम संबंधों को लेकर हुई है और छानबीन के दौरान पुलिस को कई बिंदुओं पर जानकारी मिली है.
सरकारी स्कूल में क्लर्क है आरोपी
आरोपी ऋषभ सिंह लातेहार के मोरवाई के सरकारी स्कूल में क्लर्क है, जबकि पवन सिंह लातेहार जिला बल का जवान है. पवन सिंह, लातेहार के चंदवा थाना में तैनात है. पुलिस को अनुसंधान के दौरान प्रेम संबंधों को लेकर कई चौंकाने वाली जानकारी मिली है, जिस पर आगे की कार्रवाई भी की जा रही है. रिमांड के बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.