Ratlam School News: अब सरकारी स्कूलों में नहीं होगी बर्थडे और फेयरवेल पार्टी, रतलाम DEO ने जारी किया सख्त आदेश
रतलाम : सरकारी स्कूलों में बढ़ते बर्थडे कल्चर पर सख्ती की जा रही है. रतलाम जिला शिक्षा अधिकारी ने पढ़ाई प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है. स्कूलों में शिक्षकों के माध्यम से मनाई जा रही बर्थडे पार्टी और फेयरवेल पार्टियों पर आपत्ति लेते हुए रोक लगाने की मांग सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने जिला प्रशासन से की थी.
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार का पत्र
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेश में विद्यालयों में शैक्षणिक समय के दौरान बर्थडे पार्टी जैसे आयोजनों एवं बच्चों की पढ़ाई बाधित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई गई है. सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने पत्र लिखकर शासकीय और निजी स्कूलों में शिक्षकों के द्वारा आयोजित की जाने वाली बर्थडे पार्टी और फेयरवेल पार्टी के आयोजनों पर आपत्ति ली थी. विधायक कमलेश्वर डोडियार ने बताया “खासकर आदिवासी अंचल में शिक्षकों द्वारा बर्थडे पार्टी मनाई जाती है तो कभी किसी शिक्षक का फेयरवेल.”

ईडीओ ने सभी प्राचार्यों को भेजा पत्र
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा “सरकारी स्कूलों में होने वाली पार्टी से बच्चों की पढ़ाई तो प्रभावित होती है. साथ ही कमजोर आय वर्ग के इन बच्चों पर विपरीत असर भी पड़ता है. सरकारी स्कूलों में बर्थडे कल्चर डेवलप हो रहा है, जो हमारी संस्कृति और समाज के लिए ठीक नहीं है.” सैलाना विधायक के पत्र पर कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्राचार्य को पत्र जारी कर शैक्षणिक समय के दौरान ऐसी सभी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं, जिनसे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती हो.
स्कूलों में केवल शैक्षणिक गतिविधियां होंगी
पत्र में निर्देशित किया गया है कि विद्यालयों में केवल शैक्षणिक एवं आवश्यक गतिविधियां ही संचालित की जाएं. गैर-शैक्षणिक आयोजनों से दूर रहकर शिक्षण कार्य को प्राथमिकता दी जाए और आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए. जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किए गए इस आदेश का स्वागत करते हुए सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा “इससे जिले के शासकीय विद्यालयों में अनुशासन और पढ़ाई के माहौल को मजबूती मिलेगी और यह बेहतर शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.”
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.