दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को आश्वस्त करते हुए कहा है कि दिल्ली में घरेलू और वाणिज्यिक LPG की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर, पर्याप्त और नियंत्रण में है. उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजधानी में LPG या किसी भी अन्य ईंधन की कोई कमी नहीं है. मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में न आएं तथा संयम बनाए रखें.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 3 अप्रैल को दिल्ली भर में कुल 1,11,504 LPG बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा मिलकर 1,26,379 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जो बुकिंग से काफी अधिक है.
उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि लंबित बैकलॉग को तेजी से खत्म किया जा रहा है और आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इन निरंतर प्रयासों के चलते वर्तमान में दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की औसत डिलीवरी समय 4.37 दिन हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर और विश्वसनीय तरीके से उनके घर तक गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं.
जमाखोरी पर नियंत्रण के लिए खुला कंट्रोल रूम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने एक कंट्रोल रूम (011-23379836 और 8383824659) स्थापित किया है, जो लगातार निगरानी कर रहा है और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई कर रहा है. विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर कई मामलों को दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को भेजा गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर 22 छापेमारी की.
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान रोहिणी जिले के नॉर्थ रोहिणी थाना क्षेत्र में एक FIR दर्ज की गई, जहां अवैध रूप से जमा किए गए 6 LPG सिलेंडर बरामद किए गए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि के प्रति पूरी तरह सतर्क है और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
LPG की कालाबाजारी पर एक्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि LPG की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे तथा किसी भी तरह के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाए.
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों को सलाह दी है कि वे गैस एजेंसियों या LPG गोदामों पर भीड़ न लगाएं. एक बार सिलेंडर बुक करने के बाद वह निर्धारित समय के भीतर सीधे उपभोक्ता के घर पहुंचा दिया जाएगा. वितरण केंद्रों पर जाने की कोई आवश्यकता नहीं है और ऐसा करना अनावश्यक असुविधा पैदा कर सकता है.
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार निर्बाध LPG आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने, घबराहट से बचने तथा प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.