अमृतसर: पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। दरअसल, राज्य में ठंडी हवाओं से मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जिला अमृतसर में लगातार दूसरे दिन भी ओलावृष्टि होने से मौसम का मिजाज बदल गया।
तेज गर्मी से परेशान लोगों को राहत जरूर मिली है, लेकिन इस बदले मौसम ने जनजीवन को भी प्रभावित किया है। शहर के कई इलाकों में दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में ओले गिरने लगे। ओलों के साथ तेज हवाएं और बारिश भी हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और यातायात प्रभावित हुआ।
किसानों के लिए यह मौसम चिंता का विषय बना हुआ है। खासकर गेहूं की फसल कटाई के समय ओलावृष्टि होने से नुकसान की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण इलाकों से फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें भी सामने आ रही हैं। वहीं दूसरी ओर, बच्चों और युवाओं ने ओलों का आनंद भी लिया और बाहर निकलकर इस बदले मौसम का मजा उठाया।
8 अप्रैल तक बारिश का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ केंद्र ने आज से 8 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज मौसम विभाग के मुताबिक 22 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। विशेष रूप से 8 जिलों पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा है।
वहीं आपको बता दें कि, 14 जिलों अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर में तेज हवाओं के साथ बारिश और बादल छाए रहने का अलर्ट जारी हुआ था। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हवाओं की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और राज्य में ‘येलो अलर्ट’ जारी रहेगा। इसका असर लोगों पर राहत देने वाला भी होगा, क्योंकि गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। इस मौसम बदलाव को देखते हुए अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और बारिश व तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.