Indore Khadi Hub: इंदौर बना खादी सप्लाई का बड़ा केंद्र, प्रदेश के सरकारी अस्पतालों से मिला 20 हजार चादरों का ऑर्डर
इंदौर। प्रदेश के शासकीय अस्पतालों में खादी की चादरों की मांग बढ़ती जा रही है। स्वच्छता और स्वास्थ्य के लिहाज से फायदेमंद मानी जाने वाली इन चादरों ने अब पारंपरिक कपड़ों की जगह लेना शुरू कर दिया है। इसी बढ़ती मांग के चलते इंदौर का खादी ग्रामोद्योग केंद्र प्रदेशभर के अस्पतालों के लिए सप्लाई हब के रूप में उभरकर सामने आ रहा है। इस वर्ष केंद्र को 20 हजार से अधिक खादी चादरों का ऑर्डर प्राप्त हुआ है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या करीब 18 हजार थी। अस्पताल प्रबंधन अब मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खादी उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
रोजगार के सृजन और बुनकरों की संख्या में वृद्धि
प्रदेश के अस्पतालों में बढ़ती खादी की चादरों की मांग में बढ़ोतरी का सीधा असर रोजगार पर भी पड़ा है। पहले जहां केंद्र के साथ मिलकर 35 बुनकर काम करते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 50 तक पहुंच गई है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं और पारंपरिक कारीगरों को स्थायी काम मिल रहा है। इंदौर के अलावा भोपाल, बुरहानपुर, मंदसौर आदि केंद्रों में कार्य हो रहा है।