Abujhmad Transformation: अबूझमाड़ में थमी नक्सली हिंसा, नारायणपुर के बेनूर से शुरू हुआ विकास का नया अध्याय
नारायणपुर: कभी नक्सल प्रभावित जिला रहा नारायणपुर, अब माओवाद के खात्मे के बाद तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. जिले के लोग भी ये चाहते हैं कि जिन सुविधाओं से वो दूर रहे हैं, वो सुविधाएं उनको जल्द से जल्द मुहैया कराई जाए. इसी कड़ी में बेनूर ग्राम में आयोजित ओरमाखाईन माता मेले में वन मंत्री केदार कश्यप पहुंचे.
विकास कार्यों का लोकार्पण
प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने यहां 10 करोड़ 51 लाख से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. बड़े विकास कार्यों की सौगात मिलने से इलाके के लोगों में खुशी का माहौल है. मंत्री ने कहा कि अब नारायणपुर और अबूझमाड़ जैसे क्षेत्र तेजी से विकास होगा. इलाके को डेवलप करने के लिए जो भी जरुरतें होंगी वो शासन की मदद से पूरी की जाएंगी.
कलेक्टर नम्रता जैन ने भी कहा कि इलाके के विकास के लिए कुल 143 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है. इनमें जिला खनिज न्यास निधि के तहत 42 कार्य, अधोसंरचना एवं पर्यावरण उपकर निधि से 6 कार्य, और क्रेडा विभाग के 3 कार्य शामिल हैं. इसके साथ ही शिक्षा को सर्व सुलभ बनाने के लिए लिए 7 उच्च प्राथमिक शाला भवन निर्माण, 12 प्रार्थना शेड, एक अतिरिक्त कक्ष, 57 स्कूलों का जीर्णोद्धार और 5 आश्रम छात्रावासों के अनुरक्षण जैसे कार्यों को स्वीकृति मिली है. साथ ही बस्तर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत 10 कार्य भी शामिल किए गए हैं, जिसपर काम होना है.
तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ा
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद अब नारायणपुर जिले में विकास की नई सुबह हो चुकी है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह जिला समृद्धि की नई मिसाल बनेगा. केदार कश्यप ने जंगल पर निर्भर रहने वाले परिवारों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये कर दिया गया है, जिससे हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा.
स्टॉलों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर मंत्री ने हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी दिलाया. महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम हुआ, वहीं राजस्व विभाग ने जाति प्रमाण पत्र और स्वामित्व योजना के दस्तावेज वितरित किए गए.
लोगों को मिली सुविधाएं
- वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण कार्ड बांटा गया
- श्रम विभाग द्वारा सहायता योजनाएं बताई गई
- मत्स्य विभाग द्वारा सामग्री वितरण किया गया
- प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ‘खुशियों की चाबी’, उज्ज्वला योजना के गैस चूल्हे, सूर्य घर योजना के प्रमाण पत्र और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए
बेनूर में खुलेगा जिला सहकारी बैंक
वन मंत्री ने स्थानीय मांगों को गंभीरता से लेते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं. इनमें रेमावंड-कुढ़ारगांव सड़क निर्माण, बेनूर में सांस्कृतिक मंच, सीसी सड़क और नाली निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र से महतारी सदन तक सड़क, धान खरीदी केंद्र में चबूतरा, कर्मचारी आवास और सबसे अहम बेनूर में जिला सहकारी बैंक खोलने की घोषणा शामिल है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.