रीवा: सेमरिया थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया. इलाके में तेज आंधी तूफान के बाद अचनाक से अकाशीय बिजली कड़की और गाज बनकर जमीन पर आ गिरी. इस दौरान जंगल में महुआ बीन रहे सगे भाई बहन बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया. जानकारी के मुताबिक, इसी महीनें में मृतका की शादी होने वाली थी.
अकाशीय बिजली का कहर, सगे भाई बहन की मौत
दिल दहला देने वाली यह घटना रीवा के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदिया की है. ग्राम हिनौती में रहने वाले दादू कोल का बेटा राजन कोल और बेटी सविता कोल शनिवार की सुबह हरदिया ग्राम के जंगल में महुआ बीनने के लिए गए हुए थे. इसी दरमियान मौसम ने अपना रुख बदला. तेज आंधी तूफान शुरू हुआ, इसके बाद जोरदार बिजली कड़की और गाज बनकर जमीन पर महुआ बीन रहे भाई बहन पर आ गिरी. बिजली की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई.
30 अप्रैल को होनी थी मृतका की शादी
बताया जा रहा है कि, घटना के बाद आसपास मौजूद लोग दौड़कार मौके पर पहुंचे. परिजन को सूचना मिलने के बाद वह भी घटना स्थल पहुंच गए. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. मौके पर पुलिस टीम के साथ प्रशासनिक टीम पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. बताया गया कि, इसी माह के 30 अप्रैल को मृतका सविता कोल की शादी होने वाली थी मगर इस दर्दनाक हादसे के बाद घर में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं.
महुआ बीनने जंगल गए थे भाई और बहन
घटना को लेकर एसडीओपी उदित मिश्रा ने बताया कि, “शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि, भाई और बहन जो की हिनौती ग्राम के रहने वाले थे. वे महुआ बीनने के लिए हरदिया जंगल गए हुए थे. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और अकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए. हादसे में दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए सेमरिया समुदायिक अस्पताल भेज दिया गया.”
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.